बहराइच। कच्ची शराब के उत्पादन व बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मिहींपुरवा क्षेत्र में सोमवार की देर शाम छापामारी की गई। इस दौरान भारी मात्रा में लहन नष्ट कराते हुए एक अभियुक्त को 45 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। मौके से एक बाइक भी बरामद की गई। अभियुक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
जिला आबकारी अधिकारी सुधांशु सिंह के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने मिहींपुरवा क्षेत्र के ग्राम लोधनपुरवा, अड़गोड़वा व कठौतिया में छापा मारा। इस दौरान कई स्थानों से आठ सौ किलोग्राम लहन बरामद कर नष्ट कराई गई। इस दौरान एक युवक को 45 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक बाइक भी बरामद की गई। जिला आबकारी अधिकारी सुधांशु सिंह ने बताया कि जनपद में प्रवर्तन अभियान की शुरुआत की गई है ताकि कच्ची शराब की बिक्री व उत्पादन पर अंकुश लगाया जा सके।