हुजूरपुर (बहराइच)। त्रिकोलिया गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर जेवरात व नगदी समेत पांच लाख के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घर में बिखरा पड़ा सामान देखकर घटना की जानकारी हुई। वहीं, एक दूसरे घर में भी चोरी का प्रयास हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। 15 दिन में दूसरी बार बड़ी चोरी से पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हुजूरपुर थाना क्षेत्र के त्रिकोलिया गांव निवासी अजिताभ सिंह के घर में चोरों ने घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ने बताया कि छत के रास्ते घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी व बक्सा तोड़कर सोने की चार अंगूठी, दो चेन, 10 चांदी के सिक्के, एक पायजेब, 10 हजार नगदी, चांदी की तश्तरी, चांदी की डली, चांदी का पान, चांदी की मछली व मंगलसूत्र और 12 हजार रुपये से भरीं बच्चों की दो गुल्लक उठा ले गए। बताया जाता है कि पास ही राजकुमार सिंह के घर से एक पायल व पायजेब भी उठा ले गए।
दिनेश सिंह के यहां भी चोरी का प्रयास हुआ, लेकिन परिजनों के उठने की आहट पर चोर फरार हो गए। मंगलवार की सुबह घर में बिखरा सामान देखकर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित के मुताबिक, पांच लाख की चोरी हुई है। हुजूरपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि चोरी की घटना संज्ञान में आई है। तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर खुलासा किया जाएगा। बता दें कि बीती 22 जुलाई की रात इसी थाना क्षेत्र के अल्लापुरवा गांव में तीन घरों में लगभग आठ लाख की चोरी हुई थी। इसके बाद सोमवार की रात फिर चोरी की घटना सामने आई।