बहराइच। केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ सोमवार को यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन ने दो दिन की हड़ताल शुरू कर दी। बैंकों के कर्मचारियों ने शहर के डिगिहा तिराहे के पास स्थित इंडियन बैंक के पास एकत्र होकर प्रदर्शन किया और सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, शनिवार से लगातार बैंक बंद होने के कारण आम जनमानस को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। एटीएम में भी पैसे खत्म हो गए।
यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन के जिलाध्यक्ष डीडीएन अवस्थी ने बताया कि केंद्र सरकार की नीतियां बैंक और कर्मचारी विरोधी हैं। केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। हड़ताल के समर्थन में बैंकों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने इंडियन बैंक की डिगिहा शाखा के पास एकत्र होकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। आरके तिवारी ने बताया कि केंद्र सरकार ने वर्तमान में बैंक विरोधी कार्य करते हुए कई सरकारी संगठनों व कंपनियों का निजीकरण किया है। जिलामंत्री लालजी जायसवाल ने बताया कि हड़ताल के चलते जिले में लगभग 40 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित रहा। प्रदर्शन में इंडियन बैंक के लालजी जायसवाल, अंकित अग्रवाल, पंकज गौड़, अशोक कुमार, अनिल कश्यप, अल्ताफ अहमद, आरके सिंह, आरके तिवारी, दाऊद हसन, रामजीत आर्य, अजीत कुमार व पंजाब नेशनल बैंक से डीडीएन अवस्थी, रंजीत कुमार, कुलदीप सिंह व शक्ति कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
जिले में बैंक बीते शनिवार व रविवार को बंद रहे। सोमवार को संगठन ने हड़ताल की घोषणा कर दी जिससे सोमवार को बैंक बंद रहे और मंगलवार को भी बंद रहेंगे। पैसे का लेनदेन करने वाले ग्राहकों को हड़ताल के चलते काफी परेशानी झेलनी पड़ी। मंगलवार को भी ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
बैंक कर्मचारियों के चलते जिले के कई एटीएम नकदी विहीन हो गए। लोगों को पैसे निकालने के लिए भटकना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों के एटीएम में भी पैसे खत्म हो गए। वहीं, सुजौली में भी बैंक हड़ताल के चलते लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।