बहराइच। हरदी थाना क्षेत्र के जोत चांदपारा गांव निवासी 40 वर्षीय ननकऊ वर्मा बीते तीन सितंबर को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने काफी खोजबीन की। इसके बावजूद पता नहीं चल सका। बुधवार को सीओ महसी कार्यालय के पीछे एक शव दिखाई पड़ा। शौच के लिए निकले राहगीरों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना पर हरदी पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद शव की शिनाख्त हो सकी। महसी सीओ जयप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों व ग्रामीणों से वार्ता करने पर पता चला कि मृतक शराब का अधिक सेवन करता रहा। आशंका है कि अधिक शराब पीने से ही मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।