रुपईडीहा (बहराइच)। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी करने वाले तस्करों को धमकी देकर वसूली करने वाले तथाकथित पत्रकार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाने में पहले से मुकदमा दर्ज था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चाय की दुकान से नेपाल भागने से पहले दबोच लिया। आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
रुपईडीहा थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि घसियारी टोला निवासी रामजी सोनी एक न्यूज चैनल के संवाददाता थे। वह खबर चलाने व रोकने की धमकी देकर तस्करों से पैसे की वसूली कर रहे थे। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इनके खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज था। आरोपी को पकड़ने के लिए एसआई रुदल बहादुर सिंह व भगवान यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। शनिवार की सुबह क्षेत्र के एक चाय की दुकान से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। वहीं, आरोपी रामजी सोनी का कहना है कि खबर चलाने से नाराज पुलिसकर्मियों ने षडयंत्र कर फर्जी ऑडियो-वीडियो एकत्रित कर साजिश के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उन्होंने आरोपों को निराधार बताया है।