बहराइच। बौंडी थाना क्षेत्र के निवासी सिपहिया हुलास गांव निवासी प्रेम कुमार शुक्ला का अपने चाचा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी। बताया जाता है कि थानाध्यक्ष ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता कराया। यह बात थाने में तैनात सिपाही सचिन चौधरी को नागवार गुजरी। आरोप है कि भतीजे के घर पहुंचकर रौब दिखाते हुए उसने देख लेने की धमकी दी। आश्चर्य यह कि दो दिन बाद ही थानाध्यक्ष ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के माध्यम से भतीजे प्रेम कुमार को बुलाकर धारा 151 के तहत चालान काट दिया। आरोप है कि चालान काटने के बाद सिपाही मोहन गौड़ महसी तहसील में पेश कराने के लिए ले जा रहा था। रास्ते में सिपाही सचिन चौधरी मिलस और गाली-गलौच करने लगा। विरोध करने पर मारापीटा। आरोप है कि पेट्रोल डलवाने के लिए पांच सौ रुपये भी छीन लिए। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एएसपी ग्रामीण ने बताया कि मामले में जांच कराई जाएगी।