बहराइच। मांग के बाद भी स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय से 18 हजार कोविशील्ड वैक्सीन की डोज जिले में न पहुंचने से बुधवार को टीकाकरण कार्य प्रभावित रहा। जिससे बुधवार को वैक्सीन की बची हुई डोज से मात्र डेढ़ हजार लोगों को ही वैक्सीन लगवाई जा सकी। टीकाकरण को पटरी पर बनाए रखने के लिए देर शाम को 50 हजार डोज की मांग अयोध्या मुख्यालय से करते हुए एक वाहन भी रवाना कर दिया है।
जिले के सभी ब्लाक पायलट प्रोजेक्ट योजना में शामिल हैं। प्रत्येक ब्लाक में दो-दो हजार लोगों को वैक्सीन लगनी है। लेकिन मांग के सापेक्ष वैक्सीन नहीं मिल पा रही है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विजय प्रकाश वर्मा ने बताया कि बुधवार को 15 सत्र संचालित हुए। जहां पहुंचकर लोगों ने वैक्सीन लगवाई। लगभग डेढ़ हजार लोगों को वैक्सीन लगी। बीते मंगलवार को लखनऊ से 18 हजार कोविशील्ड की डोज मांगी गई थी, लेकिन वैक्सीन नहीं मिल सकी। उन्होंने बताया कि अयोध्या मुख्यालय से 50 हजार डोज कोविशील्ड की मांग की गई है। मुख्यालय वैक्सीन लेने के लिए वाहन भेजा जा रहा है। वैक्सीन आने पर गुरुवार से पुन: सभी केंद्रों पर वैक्सीनेशन शुरू हो जाएगा।
उधर लायंस क्लब की ओर से शहर के वैष्णवी होटल में वैक्सीनेशन शिविर का आयोजित किया गया। डिप्टी सीएमओ डॉ. अजीत चंद्रा ने बताया कि शिविर में लोगों को कोरोना से बचाने की वैक्सीन लगायी गयी। इस दौरान अध्यक्ष अजय चौरसिया, सचिव आशीष रंजन, कोषाध्यक्ष कमल गंगोला, शेखर गुप्ता, संजय अवस्थी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।