बहराइच। भाजपा प्रत्याशियों का ब्लॉक प्रमुख के पांच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। कैबिनेट मंत्री के पुत्र समेत इन सभी को शुक्रवार को नाम वापसी के बाद जीत का प्रमाण पत्र दिया जाएगा। वहीं, नौ विकास खंडों में भाजपा, सपा और निर्दलियों के बीच कड़ी टक्कर होने के आसार बन गए हैं। हालांकि नाम वापसी के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उधर, बलहा में नामांकन के दौरान भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
जिले के चौदह विकास खंडों में ब्लॉक प्रमुख पदों के लिए बृहस्पतिवार सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा। पूर्वाह्न 11 बजे से नामांकन का दौर शुरू हुआ। विकास खंड मिहींपुरवा में सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा के पुत्र व भाजपा प्रत्याशी अभिषेक वर्मा सौरभ ने एक नामांकन पत्र दाखिल किया। इसी तरह से विकास खंड रिसिया में बीजेपी की रीना जायसवाल, नवाबगंज में जेपी सिंह, हुजूरपुर में अजीत प्रताप सिंह और चित्तौरा में हरीराम आर्या ने एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया। इनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। विकास खंड जरवल में भाजपा के विपेंद्र सिंह वर्मा व सपा से कृष्णा देवी, कैसरगंज में भाजपा की आकांक्षा सिंह, सपा से अनिल यादव, निर्दलीय संदीप सिंह विसेन व प्रमिला सिंह ने नामांकन किया। इसी तरह फखरपुर से भाजपा प्रत्याशी मंजू सिंह, निर्दलीय प्रत्याशी रेनू सिंह व रिशू सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किए। शिवपुर में भाजपा प्रत्याशी सरिता यज्ञसैनी, सपा प्रत्याशी अर्चना मौर्या व निर्दलीय उम्मीदवार आकांक्षा मौर्या ने नामांकन किया।
पयागपुर में भाजपा प्रत्याशी गीता देवी व निर्दलीय प्रत्याशी कुसुमा देवी, तेजवापुर में भाजपा प्रत्याशी ममता अवस्थी व सपा प्रत्याशी मीना दीक्षित, महसी में विधायक सुरेश्वर सिंह की भाभी व भाजपा प्रत्याशी कृष्णावती देवी और सपा प्रत्याशी जग्गूलाल, बलहा में भाजपा प्रत्याशी विजय वर्मा व सपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह, विशेश्वरगंज में भाजपा प्रत्याशी वंदना पांडेय समेत तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि जांच के दौरान सभी नामांकन वैध मिले हैं। शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी होगी।
विकास खंड फखरपुर में पूर्व मंत्री मयंक सिंह की बहू व बीजेपी प्रत्याशी मंजू सिंह बृहस्पतिवार को नामांकन करने आई थीं। वह अपने हाथों में भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा लिए हुए थीं। उन्होंने कहा कि नंद गोपाल उनके पालनहार हैं। वह हर संकट में मदद के लिए उनके साथ रहते हैं।
विकास खंड प्रत्याशी
मिहींपुरवा अभिषेक वर्मा ‘सौरभ’
हुजूरपुर अजीत प्रताप सिंह
रिसिया रीना जायसवाल
नवाबगंज जेपी सिंह
चित्तौरा हरीराम आर्या