नवाबगंज (बहराइच)। नवाबगंज-निम्निहारा मार्ग पर घुटनों से ऊपर तक पानी भरा हुआ है जिसमें गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं। मंगलवार को ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया जिससे रिक्शा सवार महिलाएं घायल हो गईं। महिलाओं को अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया। ग्रामीणों ने ऊबड़-खाबड़ संपर्क मार्ग को दुरुस्त करने की मांग की है।
विकास खंड नवाबगंज में नवाबगंज-निम्निहारा संपर्क मार्ग काफी जर्जर है। ऊबड़-खाबड़ मार्ग पर जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं है जिसके चलते बिना बारिश के ही घुुटनों भर से अधिक पानी भरा हुआ है। मंगलवार को संपर्क मार्ग पर एक ई-रिक्शा चालक सवारी लेकर जा रहा था। संपर्क मार्ग पर जलभराव में पहुंचते ही ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया जिससे ई -रिक्शा में बैठी शांति देवी और सलमा घायल हो गईं। सभी को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर भर्ती कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि संपर्क मार्ग पूरी तरह से तालाब की तरह हो गया है, लेकिन अधिकारियों की ओर से सड़क निर्माण पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। सभी ने सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।