बहराइच। चुनाव आयोग द्वारा ब्लॉक प्रमुख पदों के लिए अधिसूचना जारी करने के साथ ही मतदाता सूची को अंतिम रुप देने में अफसर जुट गए हैं। डीएम ने चुनाव की व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दे दी है। सभी बीडीओ को मतदाता सूची प्रकाशित कर नोटिस बोर्ड पर चस्पा किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ब्लॉक प्रमुख पदों के लिए चुनाव आयोग ने सोमवार को अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना जारी होने के बाद से ही जिले में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाने लगा। ब्लॉक प्रमुख पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री भी शुरू कर दी गई है। जिले के चौदह ब्लॉकों में होने वाले प्रमुख पदों के चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने में कर्मचारी और अधिकारी लगे हुए हैं। इस बीच डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने विभिन्न अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंप दी है।
कर्मचारी प्रशिक्षण के लिए सीडीओ व डीडीओ, परिवहन के लिए नगर मजिस्ट्रेट, डीएसओ व एआरटीओ, मतपत्र व मतदान सामग्री के लिए एसओसी व चकबंदी अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। विकास खंड स्तर पर व्यवस्था बीडीओ व एडीओ को दी गई है। डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों को मतदाता सूची प्रकाशित करने के साथ उसे ब्लॉक के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा करने के निर्देश दिए हैं। उधर, नामांकन पत्रों की बिक्री भी मंगलवार से ही तेज हो गई है। विकास खंड शिवपुर में कुल आठ नामांकन पत्रों की बिक्री हुई जिसमें दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने चार और सपा प्रत्याशी अर्चना मौर्या ने चार सेट नामांकन पत्र लिए। इसी तरह से अन्य ब्लॉकों में भी नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
कैसरगंज अनारक्षित
हुजूरपुर अनारक्षित
शिवपुर पिछड़ा वर्ग महिला
जरवल पिछड़ा वर्ग
मिहींपुरवा पिछड़ा वर्ग
रिसिया महिला
फखरपुर महिला
तेजवापुर महिला
बलहा अनारक्षित
महसी अनारक्षित
चित्तौरा अनुसूचित जाति
विशेश्वरगंज अनारक्षित
पयागपुर अनुसूचित जाति महिला
नवाबगंज अनारक्षित