रिसियामोड़ (बहराइच)। नगर पंचायत रिसिया की ओर से एक वर्ष पूर्व लाखों रुपये की लागत से धार्मिक स्थल विश्राम घाट व श्मशान घाट का सौंदर्यीकरण किया गया था। जिसमें चबूतरा निर्माण, इंटरलॉकिंग व अन्य निर्माण कराए गए थे। लेकिन मानक विहीन निर्माण एक वर्ष भी नहीं रुक सका। बीते दिनों हुई बारिश में सड़क बह गई। पुलिया धंस गई।
रिसिया नगर पंचायत की ओर से धार्मिक स्थल विश्राम घाट व श्मशान घाट का सौंदर्यीकरण एक वर्ष में पूरा कराया गया था। प्रस्ताव की मंजूरी मिलने पर नगर पंचायत के चेयरमैन महमूद अहमद मुख्य गेट से श्मशान घाट तक इंटरलॉकिंग व बैठक के लिए कुर्सी-बेंच का निर्माण कराया था। इसके अलावा धार्मिक स्थल विश्राम घाट सरयू तट पर पक्की सीढ़ी का निर्माण, चबूतरा का निर्माण कराया गया था। लेकिन अभी एक वर्ष ही सभी निर्माण के बीते हैं। बीते हफ्ते हुई बारिश में सब पानी में बह गया।
सड़क कई जगह टूट गई। पुलिया मिट्टी में ही धंस गया। लोग टूटे इंटरलॉकिंग से आवागमन करने को विवश हैं। नगरवासियों ने बताया कि मानक के अनुसार निर्माण कार्य नहीं हुआ। ऐसे में लाखों रुपये पानी में ही बह गया। नगरवासियों ने जिला प्रशासन से निर्माण की जांच कराकर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस बारे में ईओ शैलेंद्र मिश्रा का कहना है कि विश्राम घाट पर कुछ जगहों पर निर्माण टूटने की बात सामने आई है। जल्द ही जांच कराकर मरम्मत का काम कराया जाएगा।