रुपईडीहा (बहराइच)। नानपारा-नवाबगंज मार्ग पर रामनगर गांव के निकट सामान खरीदने जा रही बालिका को जीप ने रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने वाहन चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। जीप सवार बरात में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नवाबगंज थाना अंतर्गत कस्बा निवासी साफिया (7) पुत्री मुस्लिम शुक्रवार दोपहर में दुकान पर सामान लेने के लिए जा रही थी। नानपारा-नवाबगंज मार्ग पर रामनगर गांव के पास बालिका पहुंची। तभी मासूपुर गांव से बरात लेकर जा रही बोलेरो जीप ने बालिका को रौंद दिया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद वाहन व चालक को पुलिस के हवाले कर दिया।
दुर्घटना की सूचना पाकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि बोलेरो से कुचलने के चलते बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। बालिका की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मालूम हो कि पिता मुस्लिम मुंबई में रहकर नौकरी करता है। हादसे की सूचना पाकर वह भी घर के लिए रवाना हो गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि विकास खंड के मासूपुर गांव से बरात जा रही थी। लेकिन हादसे के चलते वाहन को कब्जे में ले लिया गया। वाहन में सवार बरातियों को दूसरे वाहन से गांव के लिए रवाना किया गया।