बहराइच। चहलवा गांव में आयोजित शादी समारोह में डीजे की धुन पर बार-बालाओं ने जमकर ठुमके लगाए। बार-बालाओं के डांस पर ग्रामीणों ने खूब नोटों की बारिश की। डांस के दौरान ग्रामीणों ने जमकर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाईं। लोग बिना मास्क ही डांस का लुत्फ उठाते रहे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आयोजक समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुजौली थाना क्षेत्र के चहलवा गांव निवासी नंद बिहारी की बेटी की शादी 24 जून को तय थी। तय समय पर द्वार पर बरात आई और उनका घरातियों ने स्वागत किया। शादी समारोह में बार बालाओं के डांस की भी व्यवस्था की गई थी। भोजन के बाद बार-बालाओं का डांस शुरू हुआ। डांस का लुत्फ उठाने के लिए आसपास के ग्रामीण भारी संख्या में एकत्रित हो गए। डीजे की धुन पर बार-बालाओं का डांस देख ग्रामीणों ने नोटों की बारिश शुरू कर दी। डांस देख रहे ग्रामीणों ने जमकर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाईं। ग्रामीण बिना माक्स के ही डांस को देखने में मशगूल दिखे। बार-बालाओं के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। आनन-फानन में घटनास्थल पहुंचकर स्थिति के बारे में जानकारी ली। सुजौली थानाध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि आयोजक नंद बिहारी समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।