बहराइच। दुद्धाधारी वैवाही गांव में युवक की गला रेतकर हत्या करने के बाद शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया गया। युवक की पहचान मिटाने के लिए चेहरे पर तेजाब डाला गया है। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीण एकत्र हो गए। काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। घटना की सूचना पर एएसपी ग्रामीण, महसी सीओ व थानाध्यक्ष ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। आसपास के गांव के ग्रामीणों को बुलाकर शव की पहचान का प्रयास किया गया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्जकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास के जिलों में भी शव मिलने की सूचना दी गई है।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के दुद्धाधारी वैवाही गांव निवासी गोपाल का खेत स्थित है। खेत में गन्ने की फसल लगी हुई है। शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे किसान खेत की रखवाली करने के लिए गया था तो देखा कि 30 वर्षीय युवक का शव खेत में पड़ा है। युवक का गला कटा हुआ था और चेहरे पर तेजाब डाला गया था। किसानों ने शव मिलने की सूचना ग्राम प्रधान को दी और प्रधान ने सूचना थाने को दी। घटना की सूचना पर खैरीघाट थानाध्यक्ष विमलेश सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक शव की शिनाख्त न होने पर थानाध्यक्ष ने घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पर एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार व सीओ महसी केपी त्रिपाठी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने आसपास के गांव के लोगों को शिनाख्त के लिए बुलाया और देर शाम तक दूर-दूर से ग्रामीण देखने के लिए आते रहे, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। क्षेत्र में हुई घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना स्थल के चारों ओर खेत ही खेत है। खेतों में गन्ने व पिपरमिंट की फसल लगी हुई है। घटनास्थल के चारों तरफ लगभग 300 मीटर तक कोई मकान भी नहीं बना हुआ है। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या कर शव को फेंक कर हत्यारे फरार हो गए।
खैरीघाट में अज्ञात शव मिलने के बाद पुलिस ने आरटी सेट के माध्यम से बहराइच के साथ गोंडा, बलरामपुर, सीतापुर, श्रावस्ती आदि जिलों के थानों को सूचना भेजी है। वहां पर गुमशुदगी के दर्ज मामले और हुलिए के आधार पर पहचान के प्रयास जारी किए गए हैं।
खैरीघाट थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। देखने से प्रतीत हो रहा है कि गला रेतकर हत्या की गई है। पहचान मिटाने के लिए किसी ज्वलनशील पदार्थ को चेहरे पर डाला गया है। मौके पर फॉरेसिंक टीम जांच कर रही है। शव को शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
-अशोक कुमार, एएसपी ग्रामीण, बहराइच