बहराइच। विवादों से नाता रखने वाले रामगांव थाने में तैनात दो दरोगा समेत 22 पुलिसकर्मियों का एसपी ने तबादला किया है। इनमें से दो एसआई व चार सिपाहियों को लाइन हाजिर किया गया है। रामगांव थाने में तैनात इन दोनों दरोगा पर महारानी पद्मावती यूथ बिग्रेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा वसूली कर गोकशी कराने का आरोप लगाया गया था। एसपी की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
एसपी सुजाता सिंह ने बताया कि हाईवे चौकी इंचार्ज राजेश कुमार को कोतवाली नगर, कोतवाली नगर में तैनात शैलेंद्र कुमार सोनकर को हाईवे चौकी इंचार्ज बनाया गया है। कोतवाली देहात में तैनात एसआई सावन सिंह को विशेश्वरगंज थाना, मल्लावां चौकी इंचार्ज भगवान सिंह को हुजूरपुर थाना, महसी तहसील चौकी इंचार्ज नरसिंह को पयागपुर थाना, वैवाही चौकी इंचार्ज अमित प्रकाश को कोतवाली नगर, रामगांव थाने में तैनात अहमद हुसैन को हुजूरपुर थाना, पुलिस लाइन में तैनात एसआई राम सिधारे मिश्रा को विशेश्वरगंज थाने में भेजा गया है। एसपी ने बताया कि मोतीपुर थाने में तैनात एसआई नागेंद्र सिंह व रामगांव थाने में तैनात एसआई महेशचंद्र को लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसपी ने बताया कि रानीपुर थाने में तैनात सिपाही सुरेश कुमार, मोतीपुर थाने में तैनात सिपाही आशुतोष कुमार, पयागपुर थाने में तैनात कमलेश कुमार व बौंडी थाने के सिपाही प्रशांत कुमार पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है जबकि अन्य सिपाहियों को अलग-अलग थानों में भेजा गया है। बता दें कि हाल ही में महारानी पद्मावती यूथ बिग्रेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष भवानी ठाकुर ने रामगांव थाने में तैनात एसआई अहमद हुसैन व महेशचंद्र पर वसूली कर गोकशी कराने का आरोप लगाकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था। उसके बाद एसपी ने एसआई महेशचंद्र को लाइन हाजिर कर दिया जबकि एसआई अहमद हुसैन को रामगांव थाने से हटाकर हुजूरपुर थाने भेजा गया है।