रूपईडीहा (बहराइच)। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित नो मैंस लैंड के पास से एसएसबी के जवानों ने प्रतिबंधित मवेशियों की हड्डी की तस्करी करने आ रहे चार तस्करों को दबोच लिया। मौके से चार 32 साइकिल व हड्डियों से भरी 109 बोरी बरामद की हैं। पकड़े गए तस्कर व बरामद साइकिल को एसएसबी ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
42वीं बटालियन एसएसबी डी कंपनी मनवरिया पोस्ट के एसआई रितेशचंद्र राय ने बताया कि रविवार रात नो मैंस लैंड के पिलर संख्या 650/17 के पास जवान गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि नेपाल की ओर से भारी संख्या में साइकिल से लोग हड्डी की तस्करी करने के लिए आ रहे हैं। सूचना पर जवान मुस्तैद हुए और नेपाल की ओर से आते हुए तस्कर को देखकर घेराबंदी करने लगे। इसकी भनक तस्करों को लग गई और वे भागने लगे। इस पर टीम ने घेराबंदी करते हुए चार तस्करों को दबोच लिया। मौके से 32 साइकिल व हड्डी से भरी 109 बोरी बरामद हुई। एसएसबी के एसआई ने बताया कि तस्करों की पहचान रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रंजीत बोझा निवासी साहवान व मुस्तकीम और नेपाल राष्ट्र के बांके जिले के सुईयां निवासी रियाज व इदरीश के रुप में हुई। कार्रवाई करने के लिए तस्करों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।