बहराइच। अलीगढ़ में जहरीली शराब पीने से हुई लोगों की मौत के बाद अब जिला व पुलिस प्रशासन ने भी अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। 24 घंटे के अंदर संयुक्त टीम ने 110 जगहों पर दबिश देकर 32 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कई लीटर लहन भी नष्ट कराया गया है। जिला प्रशासन की ओर से हो रही कार्रवाई से कच्ची शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
अलीगढ़ में कच्ची शराब पीने से लगभग 30 लोगों की मौत हो गई। मौत के बाद सूबे के मुख्यमंत्री सख्त हुए तो सभी जिलों में अभियान चलाकर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीएम के निर्देश पर डीएम शंभु कुमार व सुजाता सिंह ने टीम गठित कर अपने-अपने क्षेत्रों में छापेमारी कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला व पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने 24 घंटे के अंदर 110 जगहों पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान 653 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई, जबकि 1660 लीटर लहन को नष्ट कराया गया। तीन अवैध कच्ची शराब की भट्ठियां भी नष्ट कराई गईं। जिले में चलाए गए अभियान में 32 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। लगातार अभियान जारी है। प्रशासन की ओर से चलाए गए अभियान से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
जिले में चलाए गए अभियान के तहत तीन थानों ने बड़ी कार्रवाई की है। सुजौली पुलिस ने 58 लीटर शराब बरामद कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर तीन भट्टियों को नष्ट कराया है। मोतीपुर व नानपारा पुलिस ने 40-40 लीटर शराब बरामद कर दो-दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जिले के सभी थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करें। मुखबिर के तंत्रब को मजबूत कर गलत काम करने वालों पर शिकंजा कसें। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा जाए।
सुजाता सिंह, एसपी बहराइच