बहराइच। गांव की सरकार आज से अस्तित्व में आ जाएगी। 984 गांवों की ऑनलाइन शपथ का काम दो दिनों में पूरा होगा। नोडल मजिस्ट्रेट सभी ग्राम प्रधानों व सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। मगर 61 ग्राम पंचायतों में सदस्यों की संख्या पूरी न होने के कारण यहां गठन नहीं होगा। इसमें सबसे अधिक 19 ग्राम पंचायतें फखरपुर ब्लॉक की हैं।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत 29 अप्रैल को मतदान और दो मई को मतगणना के बाद से शपथ कराने की तैयारियां चल रही थीं। कोरोना महामारी को देखते हुए इस बार समारोह का आयोजन नहीं हो सकेगा। जिले के 1045 ग्राम पंचायतों में चुनाव कराया गया था। मगर 61 ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्यों की संख्या पूरी न होने के कारण यहां पर गठन की कार्रवाई बाद में की जाएगी। इसमें विकास खंड फखरपुर में 19, चित्तौरा, शिवपुर, मिहींपुरवा व बलहा में एक-एक, विशेश्वरगंज में 10, तेजवापुर में 12, जरवल में 4, महसी में 7, नवाबगंज में 2 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। डीपीआरओ उमाकांत पांडेय ने बताया कि मजिस्ट्रेटों की मौजूदगी में 984 ग्राम पंचायतों में ऑनलाइन शपथ कराई जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी उमाकांत पांडेय ने बताया कि विकास खंड हुजूरपुर में 78, कैसरगंज में 65 और रिसिया में 74 ग्राम पंचायतें हैं। यहां सभी का गठन हो गया है।