बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट रेंज के चहलवा गांव में एक ग्रामीण के घर में दो दिन से जहरीले सांप का जोड़ा डेरा जमाए है। दोनों सांप आपस में लड़ रहे थे। जिस पर परिवार के लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास किया। लेकिन सांप घर से बाहर नहीं निकले। सूचना वनकर्मियों को दी गई है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत चहलवा ग्राम पंचायत के मजरा लक्खाबाग निवासी रामदुलारी पत्नी रघुवर दयाल का मकान जंगल से कुछ दूरी पर स्थित है। शुक्रवार शाम को अचानक मकान के अंदर से फुफकारने की आवाज आई। परिवार के लोगों ने अंदर जाकर देखा तो दो जहरीले सांप आपस में लड़ाई कर रहे थे। परिवार के लोग शोर मचाते हुए बाहर निकले। परिवारीजनों का शोर सुनकर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सभी ने सांपों को भगाने की कोशिश की। लेकिन काफी कोशिश के बाद भी सांप घर से बाहर नहीं गया। सांप घर में ही डेरा जमाए है। सांप के घर में मौजूद होने की सूचना लोगों ने रेंज कार्यालय पर दी। लेकिन सूचना के बाद भी कोई वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है। परिवार के साथ ग्रामीणों में दहशत है।