बहराइच। जिले में अपराधियों पर अंकुश लगाकर त्वरित कार्रवाई करने मेें जिले को पहला स्थान मिला है। शासन की ओर से जारी रैंकिंग में जिले ने नाम रोशन किया है। पंचायत चुनाव के दौरान की गई कार्रवाई व एसपी की मेहनत ने रंग लाई है। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों की शासन स्तर पर समीक्षा की जाती है। समीक्षा करने के लिए यूपीकेकेवी सॉफ्टवेयर तैयार कराया गया है।
इसमें हर माह में हुए अपराध व अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के आधार पर रैंकिंग की जाती है। अप्रैल माह की रैंकिंग में जिले को पहला स्थान मिला है। अप्रैल माह में हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, फिरौती के लिए अपहरण व महिलाओं से जुड़े अपराधों पर तत्काल कार्रवाई कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा गया। पूरे प्रदेश में अप्रैल में सबसे ज्यादा कार्रवाई जिले में एसपी सुजाता सिंह के नेतृत्व में की गई है। एसपी ने बताया कि इससे पहले 73वां स्थान मिला था। प्रथम स्थान मिलने का श्रेय सभी पुलिसकर्मियों को जाता है।