बिछिया (बहराइच)। भवानीपुर निवासी एक किसान मंगलवार की दोपहर मेंथा की फसल की सिंचाई करने गया था। तभी जंगल से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में करीब पांच मिनट तक वह संघर्ष करता रहा। आसपास के लोगों के हांका लगाने पर वह जंगल की ओर भाग गया। पुलिस ने उसे एक निजी वाहन से सीएचसी मोतीपुर ले जाकर भर्ती कराया।
कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग अंतर्गत वनग्राम भवानीपुर निवासी किसान बंशीधर (40) पुत्र रामकिशन मंगलवार को मेंथा की फसल की सिंचाई करने खेत पर गया था। वह खेत में काम कर रहा था तभी अचानक जंगल से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। किसान चीख-पुकार मचाने के साथ लहूलुहान हालत में करीब पांच मिनट तक संघर्ष करता था। आसपास के खेतों में कर रहे अन्य ग्रामीण दौड़ पड़े। हांका लगाने पर तेंदुआ जंगल में वापस भाग गया। किसान के घायल होने पर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आंबा ले गए। यहां इलाज के बाद हालत गंभीर देख उसे मोतीपुर के लिए रेफर कर दिया गया मगर लॉकडाउन के कारण वाहन नहीं मिल रहा था। ऐसे में एसआई कौसर अली व सिपाही एकांश पांडेय ने उसे एक निजी वाहन से सीएचसी मोतीपुर भेजा। पुलिस के इस कार्य की लोगों ने काफी सराहना की है।