बहराइच। जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में सपा का दबदबा साफ दिख रहा है। करीब 23 सीटों पर सपा ने परचम लहराया है। जबकि भाजपा के पचास फीसदी से कम ही सदस्य जीतकर सामने आए हैं। निर्दलीयों ने अधिक बाजी मारी है। ऐसे में अध्यक्ष पद पर किंगमेकर वही बनेंगे। अध्यक्ष पद को लेकर अभी से जोड़तोड़ शुरु हो गया है।
बहराइच जनपद में भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार जिला पंचायत सदस्य के सभी 63 पदों के लिए प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे थे। जबकि समाजवादी पार्टी ने 44 सीटों पर ही प्रत्याशी खड़े किए थे। मंगलवार की देर शाम तक चुनाव के लिए मतगणना का दौर जारी रहा। देर शाम तक भी सभी सीटों के परिणाम सामने नहीं आ सके हैं। समाजवादी पार्टी के समर्थित करीब 23 प्रत्याशियों ने चुनाव मैदान में बाजी मारी है। जबकि भाजपा के करीब बीस ही सदस्य जीत सके हैं। ऐसे में कांटे की टक्कर होने के आसार हैं। करीब बीस से अधिक जिला पंचायत सदस्य पद के निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव में जीते हैं।
ऐसे में जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर घमासान मचने की संभावना है। माना जा रहा है कि निर्दलीय सदस्य ही अध्यक्ष पद के लिए किंग मेकर बनकर सामने आएंगे। अध्यक्ष पद के लिए अभी से जोड़तोड़ शुरु हो गया है।