रुपईडीहा(बहराइच)। भारत के साथ ही नेपाल में भी करोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है।नेपाल के बांके जिले के अधिकारियों ने बैठक कर जिले में एक सप्ताह तक लाकडाउन लगाने पर चर्चा की।हालांकि अभी इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।इस दौरान भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन में सख्ती भी रहेगी। बहराइच जिले से सटे नेपाल के बांके में कोराना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इस पर नियंत्रण के लिए मंगलवार दोपहर जिला कोविड-19 प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैैैैठक में बढ़ते कोरोना संक्रमण की रोकथाम के साथ ही महामारी से निपटने पर चर्चा हुई।
बैठक में स्वास्थ्य विशेषज्ञों,राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, स्थानीय नेताओं, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों व मीडिया कर्मियों ने जरूरी उपाय सुझाए। जिलाधिकारी शिवराम गेलाल ने बताया कि जिले में स्कूलों, स्वास्थ्य क्लब, स्विमिंग पूल, मनोरंजन क्षेत्रों के साथ ही अन्य स्थानों पर कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि इसके चलते संघीय सरकार के निर्देश पर जिले में 22 से 29 अप्रैल तक लाकडाउन लगाया जा सकता है। उन्होंने बांके जिले के लोगों से अपील किया कि कोरोना महामारी के प्रसार को रोकने के लिए निर्धारित किए गए स्वास्थ्य मानकों का पालन अवश्य करें। नियमों का पालन कर खुद को बचें और दूसरों को भी बचाएं। बैठक में लुंबिनी राज्य विधानसभा सदस्य आईपी खरेल, नेपालगंज उप महानगर प्रमुख डॉ. धवल शमशेर राणा, खजुरा के अध्यक्ष किस्मत कुमार कक्षपति, एमाले बांके के अशोक कर्माचार्य, जनता समाजवादी पार्टी के कमरुद्दीन राई, भेरी अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. प्रकाश बहादुर थापा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।