ग्राम नरैनापुर में रविवार देर शाम घरेलू विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। महिला को उसका पुत्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी पति घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
गांव निवासी सैदुल (50) रविवार देर शाम घर में खाना बनाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान पति दूबर खां से पारिवारिक मामलों को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दूबर ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाकर सैदुल पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी सिर में लगते ही वह चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ीं।
घर के बाहर अलाव ताप रहा पुत्र हगनू मां की चीख सुनकर दौड़कर अंदर पहुंचा। मां को लहूलुहान हालत में देख उसने ग्रामीणों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा पहुंचाया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अरविंद ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
पुत्र हगनू ने बताया कि उसके पिता दूबर खां पिछले दो-तीन माह से मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उनका इलाज चल रहा था। घटना के बाद से आरोपी घर से फरार है।
रुपईडीहा थानाध्यक्ष रमेश सिंह रावत ने बताया कि पुत्र की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दबिश दी जा रही है।