श्रावस्ती। जनसंख्या वृद्धि के मामले में अभी भी जिले के अधिकतर लोग गंभीर नहीं हैं। जबकि लोगों को इसके घातक परिणामों के बारे में बराबर जानकारी दी जा रही है।
आज आपकी लापरवाही का खामियाजा कल आपके बच्चों को भुगतना पड़ेगा। अभी भी समय है, जनसंख्या वृद्धि के प्रति सचेत हो उसे विस्फोटक स्थिति में पहुंचने से बचाएं।
उक्त बातें गुरुवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवारा पर निकाली गई रैली के दौरान सीएमओ ने कही।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमएम खान ने कहा कि यदि आप चाहते हैं कि आपके बच्चे भी अच्छे स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करें, पढ़-लिख कर योग्य बने तो आपको परिवार नियोजन के उपाय करने होगे।
इस दौरान सीएमओ ने वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुन: सीएमओ कार्यालय पहुंच कर संपन्न हुई।
इस दौरान होर्डिंग व बैनर सहित ध्वनि विस्तारक यंत्रों के सहारे परिवार नियोजन के उपाय व बढ़ती जनसंख्या के घातक परिणामों के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।
इस मौके डिप्टी सीएमओ मुकेश मातनहेलिया ने बालिका शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि जब तक आपकी लाडली पढ़ती है, तब तक उसकी शादी के बारे में न सोचें।
पहले उन्हें परिपक्व होने दें। वहीं डा. कंचनलता ने कहा कि मां-बाप बच्चों के लिए माली के समान होते हैं। मां बाप को अपनी बेटियों को पढ़ा लिखा कर पहले दिमागी रूप से परिपक्व बनाना चाहिए।