जिले की सड़कों पर फर्राटा भर रहे ई रिक्शा व ऑटो को यदि यमदूत कहा जाए तो गलत नहीं होगा। अधिक कमाई की लालच में इनके चालक यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए यात्रियों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। 4-5 सीटर ई रिक्शा में जहां 7-8 यात्री बैठाए जा रहे हैं, वहीं ऑटो में जितने मिल जाएं उतने यात्री भर लिए जाते हैं। ऑटो चालक यात्रियों को पायदान पर लटकाने से भी गुरेज नहीं करते हैं। लगभग छह सीटर ऑटो में 12 से 18 यात्री बैठाकर फर्राटा भरते हैं। ऐसे में हर पल हादसे की आशंका बनी रहती है। इस लापरवाही के चलते आए दिन हादसे सामने भी आते रहते हैं। इसके बावजूद कड़ी कार्रवाई करने के बजाय जिम्मेदार विभाग सिर्फ औपचारिकता करते आ रहे हैं। प्रस्तुत है ई रिक्शा व ऑटो चालकों की मनमानी की पड़ताल करती जितेंद्र दीक्षित की रिपोर्ट...।
जिले में ई रिक्शा व ऑटो की स्थिति पर एक नजर
एआरटीओ संचालन राजीव सिंह ने बताया कि जिले में 10000 ई रिक्शा हैं जो पंजीकृत हैं। वहीं पंजीकृत ऑटो की संख्या 2500 है।
ओवरलोड वाहनों से बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा
जिले के जिम्मेदार हादसों से भी सबक नहीं ले रहे। ई रिक्शा व ऑटो में क्षमता से अधिक यात्री बैठाने से जहां हादसों में इजाफा हो रहा है तो वहीं हादसों में मृतकों की संख्या भी बढ़ रही है। श्रावस्ती जिले में हुए हादसे का मुख्य कारण क्षमता से अधिक यात्री बैठाना ही रहा। सूत्रों की मानें तो ऑटो में नौ से 10 यात्री बैठाए गए थे, जबकि उसकी क्षमता छह यात्रियों की होती है।
ई रिक्शा में ड्राइवर सीट पर दो लोगों समेत सात यात्री
दोपहर लगभग एक बजे नाजिरपुरा-रोडवेज मार्ग पर विक्रम होटल के पास एक ओवरलोड ई रिक्शा जाता दिखा। इसमें चालक के दोनों तरफ यात्री बैठे दिखे और अंदर भी पांच सवारियां थीं।
ऑटो में 11 यात्री, छत पर गत्तों में लाद रखा था माल
बस अड्डे के पास दोपहर लगभग 1:30 बजे एक टैंपो में 11 यात्री सवार दिखे। ड्राइवर सीट पर भी यात्री बैग लेकर बैठे दिखे। यही नहीं ऑटो की छत पर भारी मात्रा में गत्तों में माल लदा था। ऐसे में ओवरलोड ऑटो का टायर आदि फटने से कभी भी हादसा हो सकता था।
बैग रखने के स्थान पर पांच लोगों समेत बैठे रहे 17 यात्री
पड़ताल के दौरान सबसे बड़ी लापरवाही केडीसी तिराहे के पास लगभग दो बजे देखने को मिली। यहां ऑटो के पीछे सामान रखने के स्थान पर पांच यात्री बैठे मिले। वहीं, ड्राइवर सीट व अंदर की सीट मिलाकर कुल 17 लोग बैठे थे।
पीछे व साइड में लटके रहे यात्री
शहर के साथ-साथ हाईवे पर भी लापरवाही का दौर जारी है। सुबह लगभग 11:30 बजे गोंडा रोड पर एक ऑटो में पीछे व साइड में चार यात्री लटके दिखे। वहीं, ऑटो के अंदर भी 14 से 15 यात्री सवार रहे। हाईवे पर फर्राटा भर रहे इस ओवरलोड ऑटो को देखकर हर किसी ने जिम्मेदारों पर सवालिया निशान खड़े किए।
अभियान चलाकर करेंगे सीज
लगातार जांच कर कार्रवाई की जा रही है। नियम तोड़ रहे ई-रिक्शा व ऑटो के खिलाफ अभियान चलाकर इन्हें सीज किया जाएगा। -ओपी सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन
बहराइच में विक्रम होटल के पास रोडवेज जाने वाले मार्ग पर अधिक सवारी भरकर जाता ई रिक्शा।
बहराइच में विक्रम होटल के पास रोडवेज जाने वाले मार्ग पर अधिक सवारी भरकर जाता ई रिक्शा।
बहराइच में विक्रम होटल के पास रोडवेज जाने वाले मार्ग पर अधिक सवारी भरकर जाता ई रिक्शा।