मटेरा। दुकान बंद कर शनिवार रात घर जा रहे युवक के अपहरण का प्रयास किया गया। इस दौरान हमले में युवक घायल हो गया। हालांकि, गांव वालों के मौके पर पहुंच जाने से अपहरण की कोशिश नाकाम हो गई।
नानपारा कोतवाली के खुदादभारी गांव निवासी सुफल यादव (45) की मटेरा चौराहा पर कॉस्मेटिक्स की दुकान है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन की तरह शनिवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान नानपारा–बहराइच हाईवे पर करसंडा गांव के पास खुदादभारी मोड़ के निकट एक अज्ञात व्यक्ति पीछे से आया और उन्हें अपनी साइकिल पर बैठने के लिए कहने लगा।
पीड़ित के मना करने के बावजूद आरोपी लगातार साइकिल पर बैठने का दबाव बनाता रहा। इस पर वह साइकिल पर बैठ गए। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद आरोपी ने अचानक साइकिल रोक दी और ईंट से हमला कर उन्हें मक्के के खेत की ओर घसीटने लगा। इस पर उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंच गए और आरोपी को पकड़कर मटेरा पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के कब्जे से एक झोले में कैंची, चाकू और हथौड़ी बरामद हुई है। पीड़ित सुफल ने बताया कि हमला करते समय आरोपी कह रहा था कि मैं तुम्हारी किडनी निकाल लूंगा।