बहराइच। सुजौली थाना क्षेत्र के बड़खड़िया गांव में शौच के लिए गई एक महिला को रास्ते में रोककर दो लोगों ने चाकुओं से हमला कर घायल कर दिया। चीख-पुकार पर ग्रामीण लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंच गए। हमलावरों को बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने घेर लिया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों जंगल में भाग गए।
थाना क्षेत्र के बड़खड़िया निवासी सावित्री (30) पत्नी शिवकरन मंगलवार रात करीब 10 बजे गांव के बाहर शौच के लिए जा रही थी। सावित्री का कहना है कि जैसे ही वह गांव के बाहर पहुंची तो दो व्यक्ति उसे दिखाई पड़े। वह कुछ समझ पाती इससे पहले ही दोनों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। इसमें वह जख्मी हो गई और शोर मचाया।
हमलावरों की घेराबंदी कर ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। काफी देर तक पुलिस मौके पर नही पहुंची। ग्रामीणों से घिरे हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर कतर्नियाघाट के जंगल में भाग गए। घायल महिला को परिवारीजन ने चफरिया स्थित निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। एसओ सुबोध कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध है। जांच की जा रही है। मामले में पीड़ित की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।