जरवल (बहराइच)। नगर पंचायत जरवल के मोहल्ला वैराकाजी निवासी एक युवक को शनिवार रात लखनऊ एटीएस दबोच ले गई। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप है। युवक नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद पर लड़ी शबा बेगम का देवर है। इस कार्रवाई को पीएफआई से जोड़ कर देखा जा रहा है। इस संबंध में पुलिस गोलमोल जवाब दे रही है। जरवलरोड थाना क्षेत्र के जरवल नगर पंचायत के मोहल्ला वैराकाजी निवासी नजमुज्जमां उर्फ नजम के घर शनिवार रात अचानक लखनऊ एटीएस ने छापा मारा। युवक कुछ समझ पाता तब तक उसे एटीएस ने दबोच लिया और उसे लेकर जरवल चौकी पहुंची। वहां से एटीएस उसे लेकर जरवलरोड थाना पहुंची और उससे पूछताछ की। कुछ देर बाद एटीएस उसे अपने साथ लेकर चली गई।
जरवल चौकी प्रभारी अवधेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि पीएफआई मामले में एटीएस आई थी। उसने जरवल से नजमुज्जमां उर्फ नजम को दबोच लिया। जरवलरोड थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि एटीएस की टीम आई थी, उसने एक युवक को पकड़ा है। जब सीओ कमलेश सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है।
नजमुज्जमां को दबोचने के बाद से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। कहा जा रहा है कि वह पीएफआई का सदस्य था। लगभग छह माह पूर्व उसने पीएफआई से इस्तीफा दे दिया था। इस बीच उसने कोई दूसरा संगठन बनाया था। इससे पूर्व भी जरवल का नाम पीएफआई से जुड़ चुका है और कई लोगों को एटीएस इससे पूर्व भी उठा चुुकी है।