बहराइच। जिले के होनहार एथलीट अर्नव सिंह ने प्रयागराज में आयोजित 61वीं यूपी स्टेट जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-16 पेंटाथलॉन स्पर्धा में अर्नव ने 4097 अंक हासिल कर रजत पदक अपने नाम किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने आगामी नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
अर्नव शहर के महाराज सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा नौ के छात्र हैं। वह लगातार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे पहले अर्नव एसजीएफआई की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उन्हें नेशनल अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। पदक जीतने के बाद अर्नव ने कहा कि उनकी सफलता में माता-पिता का आशीर्वाद, गुरुजनों का मार्गदर्शन और कठिन प्रशिक्षण सबसे अहम रहा। उनकी उपलब्धि पर एथलेटिक्स एसोसिएशन बहराइच के अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह टिंकू, सचिव अटल सिंह, विद्यालय परिवार, शिक्षकों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई। सभी ने उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।