तेजवापुर (बहराइच)। ग्राम पंचायत खसहा मोहम्मदपुर स्थित बागेश्वरी मंदिर में स्थापित कई मूर्तियों को बृहस्पतिवार रात अराजक तत्वों ने खंडित कर दिया। सुबह जब मंदिर पुजारी को इसकी जानकारी हुई तो गांव में तनाव की स्थिति बन गई।
आरोप है कि सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी ने मामले को दबाने के लिए जबरन खंडित मूर्तियों को सरयू नदी में प्रवाहित करवा दिया। इससे नाराज ग्रामीणों ने बहराइच-बलवापुर मार्ग जाम कर एक घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दाैरान लोगों ने थाना प्रभारी व पुलिस टीम के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। मंदिर पुजारी ने सख्त कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। एसडीएम महसी आलोक प्रसाद व सीओ डीके श्रीवास्तव मौके पर जांच पड़ताल कर रहे हैं।
रामगांव क्षेत्र के खसहा मोहम्मदपुर स्थित बागेश्वरी मंदिर के पुजारी ललित अवस्थी का आरोप है कि अराजकतत्वों ने मंदिर में स्थापित भगवान हनुमान व शिवलिंग को खंडित कर दिया। वहीं मां दुर्गा का हाथ व माता सरस्वती की मूर्ति को भी खंडित किया।
उन्होंने बताया कि जब वह सुबह पूजन-पाठ के लिए पहुंचे तो खंडित मूर्तियों को देख तत्काल इसकी सूचना रामगांव पुलिस व ग्राम प्रधान को दी। मूर्ति खंडित करने की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग मंदिर पहुंचे और तनाव की स्थिति बन गई।
पुजारी व ग्रामीणों का आरोप है कि रामगांव पुलिस ने मामले को दबाने के लिए खंडित मूर्तियों को जबरन सरयू नदी में प्रवाहित करवा दिया। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर आक्रोश फैल गया और लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुजारी चेतावनी दी कि दोषियोंं पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्मदाह कर लेंगे। सूचना पर एसडीएम आलोक प्रसाद व सीओ डीके श्रीवास्तव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
तहसीलदार ने छीना पत्रकार का मोबाइल
मामले को दबाने में जिम्मेदार इस कदर लगे रहे कि उन्होंंने पत्रकारों को भी नहीं बक्शा। घटना को कवर कर रहे एक पत्रकार का मोबाइल तहसीलदार सौरभ सिंह ने छीन लिया। साथ ही मोबाइल में कवरेज के दौरान लिए गए फोटो और वीडियो को भी डिलीट करने का प्रयास किया। इससे पत्रकारोंं में रोष रहा।
मंदिर पुजारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। माहौल खराब करने वाले किसी भी अराजकतत्व को छोड़ा नहीं जाएगा, सख्त कार्रवाई की जाएगी। -डीके श्रीवास्तव, सीओ