बहराइच। सिंहपुर और नेवादा पूरे कस्बाती गांव के दो होनहारों ने उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग द्वारा जारी परिणाम में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इनमें से कुंदन वर्मा का चयन नायब तहसीलदार पद पर हुआ है। इससे परिवारीजनों के साथ ही रिश्तेदारों व परिचितों में हर्ष है।
हुजूरपुर विकासखंड अंतर्गत सिंहपुर गांव निवासी किसान मधुरेश सिंह के पुत्र आनंद सिंह ने लोकसेवा आयोग द्वारा जारी परिणाम में प्रदेश में 53वीं रैंक हासिल की है। उनका चयन श्रम अधिकारी के पद पर हुआ है। इससे गांव के साथ ही विद्यालय के शिक्षकों में हर्ष है। मधुरेश के मुताबिक आनंद सिंह ने प्रारंभिक पढ़ाई हुजूरपुर से की। जबकि स्नातक काशी हिंदू विश्वविद्यालय से किया। इसके बाद यूपीपीएससी की तैयारी के लिए दिल्ली चले गए। शुक्रवार को वह दिल्ली से घर आ रहे हैं। इस सफलता की खुशी में घर पर जश्न मनाने की तैयारी हो रही है।
उधर नानपारा तहसील अंतर्गत नेवादा पूरे कस्बाती गांव निवासी जयप्रकाश वर्मा के पुत्र कुंदन वर्मा ने गांव के प्राथमिक विद्यालय से पढ़ाई की। इसके बाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर धोबियाहार से हाईस्कूल और जीआईसी बहराइच से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की। फिर किसान डिग्री कॉलेज से स्नातक करके उत्तर प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन की तैयारी शुरू कर दी। वर्ष 2019 के परिणाम में कुंदन वर्मा नायब तहसीलदार के पद पर चयनित हुए हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय मां वनदेवी, पिता व गुरुजनों को दिया है।