फखरपुर में सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त बोलेरो व घायल युवक।
फखरपुर/मिहींपुरवा/चित्तौरा (बहराइच)। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में वृद्धा समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए मेडिकल काॅलेज पहुंचाया, जहां एक ही हालत नाजुक बनी हुई। हादसे में मौत की सूचना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बाराबंकी जिले के रामनगर क्षेत्र के गर्री गांव निवासी लोकेश सिंह (35) ट्रक पर खलासी का काम करते थे। शुक्रवार को बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर फखरपुर के कदियापुर मोड़ के पास उनका ट्रक रुका था। इस दौरान लोकेश कुछ सामान लेने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बोलेरो चालक श्रावस्ती के कसियापुर निवासी लाल बहादुर वर्मा (40) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची फखरपुर पुलिस ने घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां उनकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि बोलेरो को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
वहीं मोतीपुर क्षेत्र के नैनिहा निवासी फूलकेसरी (65) शुक्रवार रात घर के पास नानपारा-लखीमपुर हाईवे पार कर दवा लेने जा रही थीं। नानपारा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्धा को स्थानीय लोगों ने सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जालिमनगर चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया की टक्कर मारने वाली कार का पता लगाया जा रहा है। मृतका के तीन बेटे हैं और तीनों की शादी हो चुकी है, लेकिन मृतका अकेले ही रहती थी।
हादसोंं में दो घायल
हरदी के बालासराय निवासी रामप्रताप (76) शनिवार को दवा लेने बहराइच आए थे। वहां से घर लौटते समय छावनी चौराहे के पास चारपहिया वाहन के अचानक ब्रेक मारने से वह टकरा गए। रामप्रताप को मेडिकल कॉलेज मेंं भर्ती करवाया गया है। वहीं विशेश्वरगंज क्षेत्र के बड़ागांव निवासी लाजवंती देवी (50) शनिवार को बाइक से विशेश्वरगंज सीएचसी जा रही थीं। घर से कुछ दूरी पर वह अनियंत्रित होकर बाइक से गिर गईं। लाजवंती को भी मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।