पयागपुर। गोगेपुरवा गांव में मंगलवार को एक घर में पूड़ी तलते समय उसी कड़ाही पर गिरी चार साल की मासूम झुलस गई, तेल के छींटे पड़ने से उसकी बड़ी बहन भी मामूली रूप से जख्मी हो गई।
गांव निवासी किशोरी जलवर्षा घर में पूड़ियां तल रही थीं। उसी दौरान पास में खड़ी उनकी चार वर्षीय बहन पूजा का अचानक पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर खौलते तेल की कड़ाही के ऊपर गिर पड़ी। बच्ची के गिरते ही कड़ाही पलटी और खौलते तेल के छीटे जलवर्षा पर भी गिर गए।
बच्चों की चीख पुकार से घर में घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत दोनों बच्चियों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, गंभीर रूप से झुलसी पूजा को बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार पूजा की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, जलवर्षा को मामूली जलन होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है। (संवाद)