नानपारा (बहराइच)। नानपारा बाईपास के पास शुक्रवार को मार्निंग वॉक कर रहे संग्रह अमीन को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया, जिससे मौके पर ही अमीन की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अमीन की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के गोड़ियनटोला निवासी कैलाशनाथ श्रीवास्तव (40) मोतीपुर तहसील में संग्रह अमीन के पद पर तैनात थे। शुक्रवार की सुबह वह अपनी पत्नी के साथ मार्निंग वॉक करने निकले थे। जैसे ही वह नानपारा बाईपास के पास स्थित मंडी समिति के पास पहुंचे, तभी लखीमपुर खीरी की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में अमीन की मौके पर मौत हो गई। नानपारा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अमीन की मौत से पत्नी व परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।