बैराज परिसर में घुसा घड़ियाल। -संवाद
बिछिया। चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज के बगीचे में अचानक एक बड़ा घड़ियाल पहुंच गया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसे रेस्क्यू कर वापस गहरे पानी में छोड़ दिया।
बृहस्पतिवार देर शाम सरयू नहर के रास्ते बैराज परिसर में जब घड़ियाल अचानक बगीचे में पहुंचा तो उसे देख कर्मचारी सहम गए। उन्होंने इसकी सूचना बैराज प्रभारी नितिन यादव को दी। रेंजर कतर्नियाघाट आशीष गौड़ ने बताया कि डिप्टी रेंजर मयंक पांडे के नेतृत्व में वन रक्षक अब्दुल सलाम और वाॅचर शिवकुमार को मौके पर भेजा गया।
टीम ने करीब आधे घंटे में घड़ियाल को काबू में कर उसे सरयू नहर में सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। रेंजर ने आसपास के लोगों से अपील की है कि नहर किनारे घूमने या पानी के समीप जाने से पहले सतर्कता बरतें, क्योंकि नहरों में पानी के बहाव और नदियों के मार्ग बदलने से अक्सर घड़ियाल और मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्रों के करीब आ जाते हैं।