आंबा गांव में कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण।
बिछिया। तहसील मिहींपुरवा अंतर्गत कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के आंबा गांव में सरकारी राशन वितरण में अनियमितता के आरोप को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। महिलाओं समेत बड़ी संख्या में कार्डधारकों ने कोटेदार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कोटा निलंबित करने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। ग्रामीणों के अनुसार आंबा स्थित सरकारी राशन की दुकान से आंबा के साथ नई ग्राम पंचायत बिछिया के कार्डधारकों को भी खाद्यान्न मिलता है।
आरोप है कि कोटेदार पात्र लोगों से अंगूठा लगवाकर पर्ची दे देता है और बाद में राशन खत्म होने की बात कहकर उन्हें वापस कर दिया जाता है। बिछिया, आंबा, भवानीपुर, भरथापुर और तेलागौड़ी के कार्डधारक बलविंद्र कौर, मुस्ताक अली, आसिया बानो, रूबी, नूर जहां, गायत्री देवी, आमिर हसन, विपिन, राधिका, हसीबून, समीर, ननकऊ, चंद्रा देवी, रईशा खातून व महेन्द्र चौहान आदि ने बताया कि वे शुक्रवार को राशन लेने पहुंचे थे।
आरोप है कि कोटेदार ने उनके राशन कार्ड फेंक दिए और कुछ लोगों को राशन देने के बाद अन्य को अगले दिन आने को कहा। शनिवार को दोबारा पहुंचने पर अंगूठा लगवाकर पर्ची थमाए जाने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की। वहीं कोटेदार जमील अहमद ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक लोगों के भड़काने पर प्रदर्शन कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि सभी पात्र कार्डधारकों को खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है।