बहराइच। मटेरा विधानसभा क्षेत्र में 1800 मीटर लंबे ईटहा-नौरोला मार्ग के चौडीकरण व उच्चीकरण में अनियमितता का आरोप लगा है। शिकायत पर आयुक्त शशिभूषण लाल ने तीन सदस्यीय टीम बनाकर मार्ग निर्माण की जांच शुरू करवाई है। साथ ही 10 दिन में जांच रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।
मटेरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 1.91 करोड़ की लागत से 1800 मीटर लंबे ईटहा-नौरोला मार्ग का चौड़ीकरण व उच्चीकरण कराया जा रहा है। मार्ग का निर्माण लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के चयनित ठेकेदार कर रहा है लेकिन निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता में अनियमितता का आरोप लगा है। शिकायत पर आयुक्त शशिभूषण लाल ने जांच कमेटी गठित कर जांच शुरू करवाई है। जांच टीम का अध्यक्ष अधीक्षण अभियंता देवीपाटन मंडल लालजी को और अधिशाषी अभियंता प्रांतीय खंड गोंडा प्रमोद कुमार त्रिपाठी व अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण बहराइच अमर सिंह को सदस्य बनाया गया है।
इन बिंदुओं पर मांगी रिपोर्ट
आयुक्त शशिभूषण लाल सुशील ने मार्ग निर्माण के शुरू होने से पहले और बाद के जीपीएस टैग फोटो, कार्य पर व्यय की गई राशि का बाउचर वार विवरण, आवंटन की प्रमाणित प्रति, प्रविधिक स्वीकृति की प्रमाणित प्रति, माप पुस्तिका की प्रमाणित प्रति समेत निविदा आमंत्रण की पेपर कटिंग सहित प्रतियां आदि मांगी है।