तहसील महसी के रमपुरवा व भगवानपुर में सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को प्रशासन ने हटवाया
फोटो-37
संवाद न्यूज एजेंसी
महसी/तेजवापुर(बहराइच)। तहसील महसी के रमपुरवा व भगवानपुर गांव में मुख्य सड़क के किनारे ग्रामीणों ने अतिक्रमण कर रखा था। शुक्रवार को लोकनिर्माण व तहसील प्रशासन ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर बुलडोजर चलाते हुए अतिक्रमण को धराशायी कर दिया। अतिक्रमण हटाने के दौरान काफी गहमा गहमी को माहौल बना रहा।
तहसील क्षेत्र के चहलारीरोड स्थित रमपुरवा व भगवानपुर गांव में सड़क के दोनों किनारे पर ग्रामीणों ने पक्का निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया था। जिससे मार्ग काफी सकरा हो गया था। लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी। स्थानीय लोगों की शिकायत पर डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग व तहसील प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पंहुचीं। इस दौरान टीम ने अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाकर पक्के निर्माण को धाराशायी करते हुए ग्रामीणों को पुन: अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता अनुपम कुमार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व एनाउंस कराकर सभी को स्वेच्छा से अवैध अतिक्रमण हटाने को कहा गया था लेकिन किसी ने नहीं हटाया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सड़क के 75 फीट की परिधि में दोनों तरफ फैले अतिक्रमण को बुलडोजर के माध्यम से गिरा दिया गया है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर नोटिस भेजने की कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण हटाने के दौरान हरदी एसओ अंजनी कुमार राय समेत लोक निर्माण विभाग व तहसील प्रशासन की टीम के साथ काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।