बहराइच। भीषण गर्मी के बीच उत्पन्न बिजली संकट के समाधान के लिए शनिवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्धारित समय तक निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि बिजली उपकेंद्रों पर फोन न उठने की समस्या लगातार सामने आ रही है। उन्होंने प्रत्येक उपकेंद्र पर शिकायतों के समाधान के लिए जिम्मेदारी तय करने को कहा। बताया कि मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी रिया केजरीवाल से वार्ता के बाद पयागपुर और विशेश्वरगंज में पांच-पांच एमवीए के दो अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इससे लोड कम होगा और आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मर खराब होने पर 48 घंटे के भीतर बदलना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अधिशासी अभियंता जागेश कुमार समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।