बहराइच। मेडिकल कॉलेज में वाहन चोरी के आरोपी का मेडिकल कराने लाई पुलिस को पेशाब करने के बहाने चकमा देकर आरोपी भाग निकला। भाग रहे आरोपी को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया, लेकिन उसे पकड़ने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। आरोपी का मेडिकल कराने के बाद जेल भेज दिया।
देहात कोतवाली पुलिस ने चोरी के वाहन के साथ चोर पवन तिवारी निवासी कैथा थाना रामगांव को गिरफ्तार किया था। आरोपी को जेल भेजने के लिए मंगलवार को कोतवाली में तैनात आरक्षी राहुल वाजपेयी व मुख्य आरक्षी योगेंद्र मिश्रा चिकित्सीय परीक्षण कराने मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। बताया जाता है कि यहां पर आरोपी ने पुलिसकर्मियों से पेशाब करने की बात कही। पुलिसकर्मी थोड़ी दूर पर खड़े हो गए और आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी को भागते देख पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। महिला गेट के पास पुलिसकर्मियों ने पवन को दबोच लिया। प्रभारी देहात कोतवाल बाबूराम यादव ने बताया कि मेडिकल कराने के दौरान पेशाब करने की बात कहकर वह भागने का प्रयास किया था। पुलिसकर्मियों ने दबोच लिया। आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद जेल भेज दिया गया।