बहराइच। सास को छोड़ने के लिए घर से निकला एक युवक रविवार से लापता था जिसका शव सोमवार की शाम सरयू नदी के किनारे पड़ा मिला। मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसई हैदर निवासी अमरदीप यादव (21) रविवार की शाम अपनी सास को उनके घर भक्तनपुरवा छोड़ने के लिए घर से निकला था जिसके बाद से वह घर वापस नहीं आया। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने टिकोरी मोड़ चौकी पर गुमशुदगी की तहरीर दी थी। तलाश के दौरान पुलिस को रविवार की रात ही मरी माता मंदिर के पास युवक की बाइक खड़ी मिली थी।
सोमवार की शाम युवक की बाइक मिलने वाले स्थान से लगभग तीन किमी दूर शेखदहीर के आगापुरवा में नदी के किनारे उसकी लाश पड़ी मिली। शव मिलने की सूचना से परिजनों में हड़कंप मच गया और रोते बिलखते परिजन घटना स्थल पर पहुंचे।
उसकी मौसी के घर गया था मृतक
शव का पोस्टमार्टम करवाने आए मृतक के छोटे भाई संदीप यादव, संतोष यादव आदि ने बताया कि अमरदीप का विवाह दो माह पूर्व भक्तनपुरवा निवासी पूजा के साथ हुआ था। रविवार को जब वह सास को छोड़ने ससुराल पहुंचा तो उसकी पत्नी पूजा घर पर नहीं थी। पूछने पर परिजनों ने बताया कि वह अपने मौसी के घर पटसिया गई है। जिसके बाद वह मौसी के घर पटसिया के लिए निकल गया था और उसके बाद लापता हो गया।
चेहरे पर चोट, पीट पर लाठी के निशान
भाई संदीप व संतोष ने आरोप लगाया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो मृतक अमरदीप के चेहरे पर चोट के निशान थे और नाक से खून निकल रहा था। वहीं पीठ पर पिटाई के निशान बने थे, जो डंडे के लग रहे थे। वहीं मृतक की बाइक शव मिलने के स्थान से लगभग तीन किमी दूर मरी माता मंदिर के पास खड़ी मिली। टिकोरा मोड़ चौकी प्रभारी अनुराग सिंह ने बताया कि हर पहलू पर जांच की जा रही है।