बहराइच। मेडिकल कालेज में डायरिया और बुखार के मरीजों की भरमार है। पीकू तथा चिल्ड्रन वार्ड फुल हो चुका है, जबकि ओपीडी में प्रतिदिन दो से ढाई सौ बच्चे पहुंच रहे हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों की तादादअधिक है। मंगलवार को मेडिकल कालेज की ओपीडी में बुखार और डायरिया के तमाम मरीज पहुंचे। 6 की हालत गंभीर होने पर भर्ती करा दिया गया, जहां डाक्टरों की देखरेख में उपचार चल रहा है।
तराई का मौसम लगातार बदल रहा है। इससे बड़ी संख्या में बच्चे बुखार डायरिया पेट दर्द का शिकार हो रहे हैं। निजी अस्पतालों के साथ ही जिले की सरकारी अस्पतालों में भी बीमार बच्चों की भीड़ रहती है। मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को एक दर्जन बच्चे भर्ती कराए गए। यह सभी बच्चे बुखार व डायरिया से पीड़ित हैं। जबकि 10 बच्चों के स्वस्थ हो जाने पर उन्हें घर भेज दिया गया है।
मेडिकल कॉलेज के पीकू वार्ड में कुल 10 तथा चिल्ड्रन वार्ड में 35 बच्चे भर्ती हैं। डॉक्टर का कहना है कि ओपीडी में प्रतिदिन दो से ढाई सौ बच्चे पहुंच रहे हैं। इनमें गंभीर रूप से बीमार बच्चों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। प्रभारी सीएमएस डॉक्टर एमएमएम त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में दवाएं मौजूद हैं।