कैसरगंज/फखरपुर(बहराइच)। पारले चीनी मिल में बृहस्पतिवार को टीनशेड लगाने के दौरान काम कर रहे मजदूर की सुरक्षा बेल्ट टूट गई, जिससे वह जमीन पर गिकर गंभीर रूप से घायल हो गए। काम कर रहे अन्य मजदूर उन्हें लेकर मेडिकल काॅलेज पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फखरपुर थानाक्षेत्र के परसेंडी गांव स्थित पारले चीनी मिल में टीनशेड की रिपेयरिंग का काम चल रहा था। जिसका ठेका उत्तराखंड की कंपनी ने ले रखा है। कंपनी के लिए काम कर रहे मजदूर कुशीनगर जिले के अरकापुर अहरौली गांव निवासी रत्नेश विश्वकर्मा (32) थे। बृहस्पतिवार को मिल में काम करते समय उनकी कमर में लगी बेल्ट टूट गई। जिसके चलते वह जमीन पर गिरकर घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
वहीं, सूचना पाकर मृतक के बदहवास परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। फखरपुर थानाध्यक्ष करुणाकर पांडेय का कहना है कि हादसे की जानकारी होने पर उन्हें बताया गया कि मिल में काम करते समय रस्सी टूटने से जमीन पर गिरकर मौत हो गई है। फिलहाल किसी ने कोई भी सूचना या तहरीर थाना पर नहीं दी है। वहीं, मिल परिसर में ही जैक लगाकर ट्रैक्टर-ट्राॅली के नीचे काम कर रहे मजदूर पम्मू, बाबू सहित तीन लोग जैक टूटने के कारण दबकर घायल हो गए। काम कर रहे अन्य मजदूरों ने उन्हें निकालकर अस्पताल पहुंचाया।