बहराइच। आधार कार्ड बनवाने में हो रही समस्याओं को लेकर अमर उजाला की तरफ से संचालित मुहिम ने अपना प्रभावी असर दिखाया है। इस दौरान उजागर खबरों को संज्ञान में लेते हुए डीएम मोनिका रानी ने दो नए आधार पंजीकरण केंद्रों का संचालन कलेक्ट्रेट परिसर में शुरू कराया है। इसमें से एक पंजीकरण केंद्र का शुभारंभ बृहस्पतिवार को डीएम ने किया।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों को आधार कार्ड के कारण गोल्डन कार्ड बनवाने में कोई परेशानी न हो इसके दृष्टिगत ही कलेक्ट्रेट परिसर के शिकायत प्रकोष्ठ में आधार पंजीकरण केंद्र का संचालन शुरू किया गया है। उन्होंने अपील की कि इस आधार पंजीकरण केंद्र के माध्यम से जरूरतमंद अपना नया आधार कार्ड बनवाने के साथ ही दस साल पुराने कार्ड का नवीनीकरण कराने के साथ ही उसे अपडेट भी करा सकते हैं।
पंजीकरण केंद्र में शून्य से 05 वर्ष तक के बच्चों का आधार कार्ड जन्म प्रमाण-पत्र के आधार पर ही बनेगा। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट पूजा चौधरी, प्रशिक्षु पीसीएस प्रिंस वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।