बभननपुरवा में भेड़िया के हमले में घायल ग्रामीण। -संवाद
बौंडी। ग्राम बभनन पुरवा निवासी युवक सोमवार सुबह नित्यक्रिया के लिए खेत की तरफ गया था। खेत में उस पर भेड़िये ने झपट्टा मारा। हमले में उसके कंधे पर जख्म हो गए हैं। उसे सीएचसी भेजा गया है। वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर हमलावर भेड़िये की तलाश शुरू कर दी है।
गांव निवासी प्रदीप पाल (42) सुबह शौच के लिए खेत की ओर गए थे, तभी घात लगाए भेड़िये ने उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े और हांका लगाया। भेड़िया ग्रामीणों की आवाज सुनकर पास स्थित गन्ने के खेत में घुस गया।
रेंजर ओंकार नाथ यादव ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन भेड़िये का कोई पता नहीं चल सका। घायल प्रदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी फखरपुर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से सावधानी बरतने और अकेले जंगल या खेतों में न जाने की अपील की गई है।