बौंडी में पैर फिसलने से डूबी महिला की तलाश करते एनडीआरएफ के जवान। -संवाद
तेजवापुर (बहराइच)। बौंडी क्षेत्र में शनिवार को नित्यक्रिया के लिए सरयू किनारे गई महिला पैर फिसलने से नदी के तेज बहाव में बह गई। महिला की तलाश में स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम जुटी हुई है। उधर, खेत देखने गए मासूम का शव तालाब में मिला। दाेनाें के परिजन बेसुध हैं।
ग्राम पंचायत टिकुरी निवासी शाहजहां (23) शनिवार सुबह शौच के लिए सरयू नदी के किनारे गई थीं। अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में बह गईं। ग्रामीणों की सूचना पर आई पुलिस ने तत्काल गोताखोरों को लगाया, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। एनडीआरएफ टीम ने भी नदी के कई हिस्सों में तलाशी ली, मगर महिला का पता नहीं चल पाया।
उधर, ग्राम पंचायत भौंरी निवासी दिव्यांश (9) शनिवार सुबह खेत देखने गया था। उसके परिजनों के अनुसार वह काफी देर तक घर नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू की गई। काफी तलाश के बाद गांव के पास स्थित तालाब में उसका शव उतराता हुआ मिला। मासूम की मौत से गांव में कोहराम मच गया। तहसीलदार महसी, क्षेत्रीय लेखपाल और पुलिस मौके पर पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थाना प्रभारी बौंडी टीएन मौर्य ने ब0ताया कि रविवार को भी महिला की तलाश सुबह से शुरू कर दी गई है। एनडीआरएफ की दो टीमें जुटी हुई हैं। स्थानीय गोताखोरों का भी सहयोग लिया जा रहा है। बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।