बहराइच के मिहींपुरवा के नानपारा-लखीमपुर हाईवे पर रविवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदते हुए एक टैंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं, बाइक सवार दो अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। टैंपो में बैठी एक महिला भी घायल हो गई। तीनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी मोतीपुर ले जाया गया।
जहां एक ही हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश में जुट गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुड़वा निवासी अमरेश (35), दिनेश (32) व अनिल(25) तीनों सगे भाई हैं और रविवार की सुबह बाइक से नानपारा तहसील स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। तीनों नानपारा-लखीमपुर हाईवे पर कुड़वा मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि उन्हें लखीमपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। वहीं बाइक में टक्कर मारने के बाद ट्रक ने हाईवे किनारे सवारी बैठा रहे एक टैंपो में भी टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे अमरेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं बाइक पर बैठे दिनेश, अनिल व टैंपो सवार महिला सुनीता (35) गंभीर रुप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोतीपुर पहुंचाया।
जहां अनिल की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। दिनेश व सुनीता का इलाज अभी भी जारी है। हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सभी हादसे में घायल दो अन्य भाईयों की सलामती के लिए मन्नतें मांग रहे हैं। थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक चालक राय बोझा के पास ट्रक छोड़कर फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।