मिहींपुरवा (बहराइच)। लोहारनपुरवा गांव में रविवार को परिजनों के झाड़फूंक के फेर में फंसने से बीमार किशोरी की मौत हो गई। किशोरी के परिजनों ने पड़ोसी पर जादूटोना करने का आरोप लगाया है।
ग्राम बेलहन महेशपुर के मजरा लोहारनपुरवा निवासी रामनिवास की पुत्री मैना (16) कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। परिजनों ने बीमार किशोरी का समुचित इलाज करवाने के बजाय झाड़फूंक और जादूटोना का सहारा लिया। दो दिन से परिजन झाड़-फूंक करवा रहे थे, इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ती चली गई और रविवार सुबह मैना ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोतीपुर थानाध्यक्ष आनंद कुमार चौरसिया ने बताया कि मृतका के पिता ने पड़ोसी परिवार पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया है। मामले में पूछताछ की गई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ होगी।