बहराइच। शहर स्थित एक होटल में रविवार को एक संगठन की ओर से गुपचुप बैठक की जा रही थी। इसकी भनक लगने पर कोतवाली नगर पुलिस ने छापेमारी कर सभी को पकड़ लिया। बैठक में शामिल नौ लोगों को लेकर पुलिस कोतवाली पहुंची और लगभग चार घंटे तक कड़ी पूछताक्ष की। सभी के खिलाफ महामारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करवाया गया।
कोतवाली नगर के रोडवेज चौकी के पास स्थित एक होटल में रविवार को कुछ संदिग्धों के मौजूद होने की सूचना मिली। जिस पर कोतवाली नगर पुलिस ने भारी पुलिस बल के साथ होटल में छापा मारा। होटल में कर्नाटक के एक संगठन के नौ लोग बैठक करते पाए मिले। जिस पर पुलिस कर्मियों ने सबको दबोच लिया और पुलिस जीप में बिठा कर कोतवाली ले आई।
दोपहर में हुई इस पुलिसिया कार्यवाही से पूरे दिन चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। लोग तरह तरह की चर्चाएं करते रहे। कोतवाली में पुलिस ने पकड़े गए संगठन के सदस्यों से लगभग चार घंटे तक कड़ी पूछताक्ष की। कोतवाली नगर ब्रह्मा गौड़ ने बताया कि बिना सूचना के बैठक की जा रही थी। नौ लाेगों को पकड़ा गया। सभी के खिलाफ धारा 144 व महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
संगठन के लोगों ने पूछताक्ष में चुनावी बैठक करने की बात बताई है। बैठक से पूर्व सूचना नहीं दी गई और बिना परमिशन चार से अधिक संख्या में इकट्ठा होने पर धारा 144 व महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
-कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी नगर